अन्दर, एक खलनायक

IMG_2178.jpgकाला

वही जो सताता है, शांति भंग करता है। हर वह बात जो मन के क़रीब हो, घनिष्ठ हो, उसे बदलता हुआ, उसे तोड़ता हुआ। वो बुरा आदमी। तुम्हारे अन्दर बसा हुआ। तुम्हारा ही असिद्ध रूप। तुम्हे वहां ले जाता है, जिस जगह से तुम परिचित नहीं। डर पैदा करता है, असुरक्षितता की पहचान करवाता है।

अंधकार

तुम कुछ बदलना चाहते थे। पर इस तरह नहीं। तुम संगत ढूंड रहे थे, पर इस तरह नहीं। और जब बदलाव होने लगा, तुम देहली पर अड़े रहे, जैसे तुम्हारे पांव इस दुनिया में अटके, भार से भरे। तब उस खलनायक ने तुम्हे धक्का देना चाहा – तुमने उसे भागना चाहा। अब देहली पार हुए तुम दोनों।

द्वन्द-युद्ध

घनघोर। वह हारा। तुम जीते। बहादुर नायक भी तुम और वह कपटी खलनायक भी तुम। जीत कर भी तुम खुश नहीं – जिस दुनिया में तुम जीते, वह तुम्हारी नहीं।

Posted in भाव, विचार | 2s टिप्पणियाँ

आभार

कहते हैं, जो आप कहना चाहते हैं, उसे किसीने, कही पर, पहले ही कह दिया है. आज मेरे मन की बात, बहुत सुन्दरता से, शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ ने कहा है.

जिस-जिस से पथ पर स्नेह मिला, उस-उस राही को धन्यवाद।

जीवन अस्थिर अनजाने ही, हो जाता पथ पर मेल कहीं,
सीमित पग डग, लम्बी मंज़िल, तय कर लेना कुछ खेल नहीं।
दाएँ-बाएँ सुख-दुख चलते, सम्मुख चलता पथ का प्रसाद –
जिस-जिस से पथ पर स्नेह मिला, उस-उस राही को धन्यवाद।

साँसों पर अवलम्बित काया, जब चलते-चलते चूर हुई,
दो स्नेह-शब्द मिल गये, मिली नव स्फूर्ति, थकावट दूर हुई।
पथ के पहचाने छूट गये, पर साथ-साथ चल रही याद –
जिस-जिस से पथ पर स्नेह मिला, उस-उस राही को धन्यवाद।

जो साथ न मेरा दे पाये, उनसे कब सूनी हुई डगर?
मैं भी न चलूँ यदि तो क्या, राही मर लेकिन राह अमर।
इस पथ पर वे ही चलते हैं, जो चलने का पा गये स्वाद –
जिस-जिस से पथ पर स्नेह मिला, उस-उस राही को धन्यवाद।

कैसे चल पाता यदि न मिला होता मुझको आकुल अंतर?
कैसे चल पाता यदि मिलते, चिर-तृप्ति अमरता-पूर्ण प्रहर!
आभारी हूँ मैं उन सबका, दे गये व्यथा का जो प्रसाद –
जिस-जिस से पथ पर स्नेह मिला, उस-उस राही को धन्यवाद।

Posted in विचार, सोच | Leave a comment

मेरे शब्द और मैं

“आप इतनी अच्छी हिंदी बोल लेते हो?”

बम्बई में रह कर, आपकी पूरी दुनिया सुधर सकती है. आपकी भाषा, मगर, भ्रष्ट हो जाएगी, शायद नष्ट भी हो जाएगी. पता नही कहाँ, पता नहीं क्यूँ, बम्बई के बाहर, मैं अच्छी हिंदी बोल लेता हूँ. आयेला, गयेला, लागेला – इन शब्दों का प्रयोग बम्बई के बाहर नहीं होता. सामनेवाला जिस तरह से हिंदी बोलता है, हमारी भाषा वह तेवर पकड़ लेती है. इस दिसंबर, कुच्छ दोस्तों के साथ हम भोपाल पहुंचें. मेरा मन कहता था के, भोपाल में, सब सुरमा भोपाली के तरह बात करेंगे. कई बार शोले देखने का असर, कह लीजिए. मैं सोच में पड गया. भाषा का उद्देश्य क्या है? केवल अपने विचार जाताना. अगर ऐसा है तो क्या फरक पड़ता है अगर मैं बम्बैय्या हिंदी में बात करूँ या भूपाली?

आपको हमारी बात समझने से मतलब हैं ना?

मेरे शब्दों के छंटाव से क्या आप मेरे चरित्र की आज़माइश करेंगे?

Posted in भाषा, शहर, हिंदी | Leave a comment

अब नहीं

कुछ बातें ऐसी होती है जो चाहने पर भी भूली नहीं जाती। कुछ लोग भी ऐसे होते हैं। तुम उन में से एक हो। तुम्हारा गुस्सा जायज़ था, शायद, पर तब के मेरे हालत तुम्हारे गुस्से से भी जायज़ थे। और तुम मेरे हालात को खूब पहचानते थे। जब उन हालात के नीचे मैं पूरी तरह कुचल गया था, तब तुमने उन पर तुम्हारा पैर रखा। अब हाथ मत बढाओ।

Posted in समय | 2s टिप्पणियाँ

हम रहें न हम, तुम रहें न तुम

आप कि अभिलाषा
मेरा बलिदान
आप का आनंद
मेरा बदलना
आपका खिन्न

आपकी एक नई अभिलाषा
मेरा बलिदान
आप का आनंद
मेरा बदलना
आपका खिन्न

आपकी एक नई…

Posted in प्यार, लमहें | 3s टिप्पणियाँ

धर्म का अधिकार

मंदिर के सामने उनका दफ्तर
रस्ते के इस पार मंदिर और उस पार उनका दफ्तर
वे जो बन बैठे है हमारे धर्म के प्रतिनिधि
माहोल बना बैठे है, शोर असीमित.

शाम की आरती सुनाई नहीं देती,
इन धर्माधिकारियों के शराबी शोर में
भगवान तो बुत ही था, अब भक्त भी बुत बन बैठे
अब राजनीती तय करेगा हमारा धर्म, हमारा अधिकार.

Posted in भगवान, भाव, मूर्ति, समाज, हिंदी | Tagged , , , | Leave a comment

उस आग में क्या खोया?

किसी एक की मौत किसी दुसरे की ज़िन्दगी बदल देती है,
एक जिंदा लाश उस मौत का मतलब समझने में,
आस-पास के जिंदा लोगों से कई निःशब्द सवाल पूछते हुए
तलाश करती है कोई आरोपी.

उठाकर मेरी उंगली, उसे तुम्हारे चेहरे के सामने रखूं
न तो मरनेवाला लौट आएगा, न मेरे आँसू थमेन्गे
न मतलब कोई सामने आएगा, न जी पाउंगी मैं
पर अकेले जिंदा रहने का मक्सद मिल जायेगा.

शनिचर को हमने सुझॅन बियर द्वारा दिग्दर्शीत चित्रपट “द थिंग्स वी लॉस्ट इन द फायर (२००७)” देखा.

Posted in कला, चित्र, भाव, विचार, हिंदी | Leave a comment

आपकी अनुपस्थिति

ग्यारह महीने आप दूर रहे,
क्या खोज लिया आपने अपना अस्तित्व?
आप का तो पता नहीं,
आपकी खोज में हमारी पहचान खो गयी।

आप साल भर में घूम आए सारी दुनिया,
देख आए नए रंग और नए चहरे?
आपकी बेपरवा अनुपस्थिति में,
हमारा रंग और फीका पड़ गया।

Posted in भाव, लमहें, हिंदी | Leave a comment

भगवान बनाने वाले

भगवान बनाने वाले, क्या तेरे मन में समाई? काहे को भगवान बनाया?

अगर मैं आज यहाँ नही होता, तो मेरी जगह पे वह बैठा रहता । तुम लोग यह बात समझ नही पाओगे । वो मेरा दोस्त ही नही, मेरा सबसे बड़ा प्रतिद्वन्द्वी भी था ।

आज किसी को भगवान बना ने में तुम लोग देर नही करते । सरल-सादे मनुष्य को सुविधाजनक भगवान बना देते हो । तुम भूल जाते हो के वह आखिर एक सादा मनुष्य है, पर वह स्वयं कैसे भूले अपने आप को? वह तो मनुष्य जैसा व्यवहार करता है । तब, तुम्हारी दृष्टि में वह गिर जाता है । पर किसी मिट्टी के देवता की तरह, तुम उसका विसर्जन भी नही कर सकते । तुम्हें ऐसा भगवान चाहिये जिसे तुम कोस सकते हो, गाली दे सकते हो । उसे धरती पर पटक सकते हो, आकाश में स्थापित कर सकते हो । तुम्हें नियंत्रण की सुविधा चाहिये, भगवान नही । जब चाहा बना दिया, जब चाहा गिरा दिया । मूर्ति भी तुम्हारी, मूर्तितल भी तुम्हारा । कटघरे में खड़ा बेचारा भला आदमी ।

मैं नही तो आज वह तुम्हारा भगवान रहता । पता नही, भगवान बनाने वाले, क्या तेरे मन में समाई?

Posted in भगवान, भाव, मूर्ति, वार्तालाप, विचार, समाज, हिंदी | 3s टिप्पणियाँ

वो शहर…

वो शहर की भीड़ में अपना रास्ता ढूंढना
वो ठेले पर सस्ते में जल्दी से नाश्ता करना
वो वक्त को बचाने के लिए लोकल से लटकना

वो पसीने से लथपथ धूप मे सुख रही कमीज़
वो दर्द भरे बदन की आँखों मे कल के सपने
वो फिसलते हुए लमहें, उन्हे बटोरने का प्रयास

वो घर से दूर रहना
वो घर की याद को भुलाने की कोशिश

Posted in घर, भाव, लमहें, विचार, शहर, हिंदी | Leave a comment